90 करोड़ की हेरोइन के साथ AAP सरपंच काबू! केंद्रीय एजेंसी NCB ने दी दबिश
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:02 PM (IST)
तरणतारन (रमन): विधानसभा हलका खेमकरण के अधीन आने वाले गांव कलसियां कलां के मौजूदा आम आदमी पार्टी के सरपंच को केंद्रीय एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मंगलवार तड़के उनके घर से 18 किलो हेरोइन के साथ हिरासत में लेने की खबर सामने आई है। इस संबंध में संबंधित एजेंसी ने अमृतसर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि देर रात तक किसी भी अधिकारी की ओर से करीब 90 करोड़ रुपये कीमत की इस हेरोइन की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार तड़के NCB की एक विशेष टीम ने गांव कलसियां कलां में मौजूदा आप सरपंच परमजीत सिंह के घर पर दबिश दी। इस दौरान टीम ने घर में मौजूद सरपंच परमजीत सिंह को हिरासत में लेकर तलाशी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि सरपंच की निशानदेही पर 18 किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित इस गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा चलाए गए ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत बनाई गई विलेज डिफेंस कमेटी का अध्यक्ष भी इसी सरपंच को नियुक्त किया गया था।
इस कार्रवाई को लेकर जिला तरनतारन के किसी भी पुलिस अधिकारी ने फिलहाल जानकारी देने से इनकार कर दिया है और खबर लिखे जाने तक मामले की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
दूसरी ओर, शिरोमणि अकाली दल से संबंधित खेमकरण के पूर्व विधायक और पार्टी के विशेष प्रवक्ता विरसा सिंह वल्टोहा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया है कि NCB ने मौजूदा आप सरपंच को 18 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है, साथ ही परमजीत सिंह कलसियां की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल की हैं।



