किसान आंदोलन का बदला ले रही है भाजपा, जानबूझकर किसानों को कर रही परेशान :  AAP

punjabkesari.in Tuesday, Oct 22, 2024 - 09:20 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब की अनाज मंडियों में किसानों को हो रही परेशानी को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद मलविंदर सिंह कंग ने भाजपा की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जानबूझकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। यह भाजपा की पंजाब के प्रति नफरत को दर्शाता है।  कंग ने कहा कि दरअसल भाजपा किसान आंदोलन को अभी तक पचा नहीं पाई है। वह पंजाब के किसानों से उसी का बदला ले रही है। भाजपा की केंद्र सरकार किसी न किसी बहाने अक्सर पंजाब के किसानों को तंग करने की कोशिश करती रहती है। इस बार भी वह यही कर रही है।

उन्होंने कहा कि यह बेहद हैरानी की बात है कि एक साल में गोदाम खाली ही नहीं हुए, जबकि मंत्री और खुद मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से मुलाकात की। अधिकारियों ने कई बार पत्र लिखें, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मंडियों में अनाज आने के बावजूद बेहद धीमी गति से लिफ्टिंग करना भाजपा के पंजाब के प्रति गलत और घटिया मंसूबों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार को पंजाब के किसानों से इतनी ही दिक्कत थी तो वे छह महीने पहले बता देते तो किसान फसल ही नहीं लगाते। यह बेहद घटिया राजनीति है, इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।

कंग ने किसानों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सरकार आपके साथ खड़े हैं। आपके फसल का एक-एक दाना उठाया जाएगा। सरकार आपको किसी भी तरह का नुकसान नहीं होने देगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News