AAP सरपंच को पहले गाड़ी से कुचला, फिर हथियारों से उतारा मौ+त के घाट

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 10:28 AM (IST)

होशियारपुर: जिले के गांव आनंदगढ़ में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच सतपाल सिंह मिंटा की गांव के ही कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए।

ताबड़तोड़ हमला कर की बेरहमी से हत्या
मृतक सरपंच के बेटे ने बताया कि पड़ोसी गांव के कुछ युवकों के बीच पहले आपसी विवाद हुआ था, जिसका समझौता सरपंच सतपाल सिंह ने करवाया था। इसी समझौते की रंजिश रखते हुए आज कुछ युवकों ने सरपंच पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले अपनी गाड़ी 2-3 बार सरपंच के ऊपर चढ़ाई और उसके बाद तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया।

हमलावरों की गाड़ी चला रहे युवक को मौके पर पकड़ा
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी ने बताया कि घटना के बाद मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, हमलावरों की गाड़ी चला रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। झड़प के दौरान उसे भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि इलाज पूरा होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News