दर्दनाक: सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, अस्पताल में तोड़ा दम
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:50 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली जी.टी. रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चालक महिला को टक्कर मारने के बाद मौके से वाहन समेत फरार होने में कामयाब रहा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सहनेवाल की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। शिकायतकर्ता संजू देवी के अनुसार, उसकी माता दुर्गावती (उम्र करीब 52 वर्ष) टर्बो कंपनी में काम करती थीं। बीती 30 मार्च को वह अपनी ड्यूटी खत्म कर पैदल घर की ओर जा रही थीं। जैसे ही वह कंपनी से बाहर निकलकर दिल्ली मुख्य जी.टी. रोड पर पहुंची और सड़क पार करने लगीं, तभी दिल्ली की ओर से लुधियाना की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्गावती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घायल महिला को तुरंत मोहनदेई ओसवाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए आखिरकार 1 अप्रैल को उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

