होशियारपुर में बेकाबू ट्रक का कहर, 4 जगह मचाई तबाही; 2 की मौत, कई घायल

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 08:56 PM (IST)

टांडा उड़मुड़ (पंडित): शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे पुल पुख्ता से मियाणी रोड पर एक बेकाबू ट्रक चालक ने चार अलग-अलग जगहों पर दो लोगों को कुचलते हुए और दो वाहनों को टक्कर मारते हुए 8 लोगों को घायल कर दिया। इस दौरान दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार पहला हादसा पुल पुख्ता के पास उस समय हुआ जब अश्वनी कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी अहियापुर अपनी पत्नी मीनू और दो बेटियों भूमि व तनीषा के साथ स्कूटी पर मियाणी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि छोटी बेटी को शौचालय ले जाने के लिए अश्वनी कुमार ने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की और अपनी पत्नी व बेटी को वहीं छोड़कर सड़क पार करने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक  ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक के टायर के नीचे आने से अश्वनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी कुछ दूरी पर जाकर गिर गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक भगाकर मियाणी की ओर निकल गया। इस दौरान गुरुद्वारा पुल पुख्ता से सेवा करके रोजाना की तरह घर लौट रही हरभजन कौर पत्नी बलविंदर सिंह निवासी मियाणी को भी ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद बेकाबू ट्रक ने मियाणी रोड पर एक मारुति अर्टिगा कार को टक्कर मार दी। कार में सवार 7 लोगों में से चालक सरवण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत दसूहा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इसके बाद ट्रक चालक ने मियाणी रोड पर जा रहे मोटरसाइकिल सवार अवतार सिंह काला पुत्र गोपाल सिंह निवासी मियाणी को भी टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। रोड सेफ्टी फोर्स के इंचार्ज बख्तावर सिंह की टीम ने उन्हें तुरंत टांडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने के कारण उन्हें होशियारपुर रेफर कर दिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए टांडा के DSP सुखपाल सिंह और SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि हादसों की सूचना मिलते ही टांडा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक गुरमुख को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News