तरनतारन के व्यक्ति को श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने किया गिरफ्तार, भारी मात्रा में अफीम बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 11:39 AM (IST)
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): एस.एस.पी. श्री मुक्तसर साहिब द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी के तहत सी.आई.ए. स्टाफ श्री मुक्तसर साहिब ने 1 किलो 250 ग्राम अफीम सहित एक व्यक्ति को काबू करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अभिमन्यु राणा एस.एस.पी. श्री मुक्तसर साहिब के दिशा-निर्देशानुसार तथा मनमीत सिंह ढिल्लों, एस.पी. (डी.) और रशपाल सिंह, डी.एस.पी. (डी.) की निगरानी में इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह, इंचार्ज सी.आई.ए. स्टाफ और उनकी पुलिस पार्टी द्वारा यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस पार्टी कोटकपूरा रोड पर गांव वड़िंग के नजदीक टोल प्लाजा के पास मौजूद थी। इस दौरान चैकिंग के समय एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी गांव गंडीविंड, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन बताया। कानूनी प्रक्रिया के अनुसार तलाशी लेने पर उसके बैग में से पारदर्शी मोमी लिफाफों में रखी 01 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद हुई।
इस संबंध में थाना बरीवाला में मुकदमा नंबर 100 दिनांक 06.07.2026 के तहत धारा 18(3), 61, 85 एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। काबू किए गए आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहराई से जांच की जा सके। श्री मुक्तसर साहिब पुलिस नशों के खात्मे के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। नशा तस्करों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी। आम लोगों से अपील की जाती है कि यदि किसी को नशों की तस्करी या बिक्री संबंधी कोई जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

