पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नवजन्मा बच्चा चोरी करने वाली महिलाओं को किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Dec 07, 2022 - 08:50 AM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): सरकारी वूमेन चिल्ड्रन अस्पताल से गत रविवार चोरी हुए 4 दिन के बच्चे को बठिंडा की समाजसेवी संस्था सत्कार कमेटी की मदद से बठिंडा पुलिस ने सही सलामत बरामद कर लिया है। आरोपित महिलाएं बठिंडा जिले के ही गांव कोठा गुरु की रहने वाली मां-बेटी हैं। उन्होंने बच्चे को मलूका गांव में छुपा कर रखा हुआ था।
जानकारी अनुसार बठिंडा पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपित महिलाओं की बच्चे को चोरी करके लेकर जाते हुए की फ़ोटो को वायरल किया। इससे बठिंडा के समाज सेवी गुरविंदर शर्मा को किसी व्यक्ति का फोन आया और उन्होंने बताया कि उक्त महिलाएं उनके गांव कोठा गुरु की हैं और यह दोनों मां बेटी हैं। दोनों ही अपराधिक प्रवित्ति की हैं। उनके ऊपर गांव की एक छोटी बच्ची को नहर में फेंक कर मारने का भी आरोप है। इसके अलावा उन पर चिट्टे की तस्करी करने के भी आरोप हैं। गुरविंदर शर्मा ने यह जानकारी बठिंडा सिटी एक के डीएसपी विश्वजीत सिंह को दी। उन्होंने बठिंडा के एसएसपी जे एलनचेलियन से सम्पर्क कर पूरी सूचना सांझी की।
एसएसपी द्वारा सीआईए स्टाफ एक के तरजिंद्र सिंह की जिम्मेदारी लगाई गई। सीआईए स्टाफ ने पहले आरोपित के बेटे को पकड़ा। उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी मां और बहन ने ही बच्चे को चोरी किया है। वे इस समय गांव मलूका में छुपी हुई हैं। वहां पर उनके द्वारा मकान किराये पर लिया हुआ है। पुलिस ने वहां दबिश दी और बच्चे को वहां से बरामद कर लिया। उसको बठिंडा के सरकारी अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों ने उसको निगरानी अधीन रखा है। बच्चा सही सलामत है। यूपी निवासी बबली पत्नी परमोद कुमार ने सरकारी वूमेन चिल्ड्रन अस्पताल में एक दिसंबर को एक बच्चे को जन्म दिया था। जिसके बाद से वो वहीं अस्पताल में दाखिल थी। रविवार को दो महिलाएं उक्त महिला बबली के पास गई और उसके बच्चे को डॉक्टर को दिखाने का बहाना बनाकर साथ ले गई थी। जिसके बाद से बच्चा गायब हो गया था।