चुनावों को लेकर अकाली दल ने तेज की तैयारी, नई नियुक्तियों का ऐलान

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 12:37 PM (IST)

रोपड़: आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटा है। इसी क्रम में रोपड़ शहरी इकाई द्वारा शहर के 21 वार्डों में से 18 वार्डों के प्रधानों के नामों का ऐलान कर दिया गया है।

PunjabKesari

आज यहां आयोजित बैठक के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री और अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा ने इन नामों की घोषणा की और नए नियुक्त प्रधानों को सिरोपा देकर सम्मानित किया। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी का होता है और पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता। पार्टी जो भी आदेश देगी, वही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह 2009 से रोपड़ हलके से जुड़े हुए हैं और जीत-हार से परे हमेशा लोगों के साथ परिवार की तरह खड़े रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह वोटों की राजनीति नहीं करते, बल्कि लोगों की सेवा करना ही उनका कर्तव्य है। 

आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि रोपड़ ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में पिछले चार सालों में कोई खास विकास नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी का काम करने का ग्राफ शून्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार की स्थिति खराब है, भ्रष्टाचार बढ़ा है और कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी के नेताओं की बात आती है तो कानून बदल जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद विजिलेंस से अपने मंत्री को गिरफ्तार करवाया और बाद में क्लीन चिट दे दी। डॉ. चीमा ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल की ‘पंजाब बचाओ रैली’ का पहला चरण पूरा होने वाला है और जल्द ही दूसरे चरण की शुरुआत की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News