अकाली नेता के बेटे पर जानलेवा हमला, फटे टायर पर 15 किमी कार दौड़ाकर बचाई जान
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 11:31 PM (IST)
बठिंडा, (विजय वर्मा): शहर में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार के बेटे अभिमन्यु गर्ग पर दिनदहाड़े हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने रास्ता रोककर कार पर हमला किया, शीशा तोड़ा और टायर फाड़ दिया, लेकिन अभिमन्यु ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए फटे टायर पर करीब 15 किलोमीटर तक कार दौड़ाकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार अभिमन्यु गर्ग भिसयाना स्थित अपनी कंस्ट्रक्शन साइट से काम खत्म कर मॉडल टाउन स्थित घर लौट रहा था। रास्ते में वह फोन पर अपने पिता विनोद कुमार से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान अचानक फोन पर चीख-पुकार और तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं। अभिमन्यु ने बताया कि राजस्थान नंबर की एक सफेद गाड़ी उसकी कार के आगे आकर रुकी। गाड़ी में सवार हमलावरों ने नारंगी रंग के परनों से चेहरे ढके हुए थे। बदमाशों ने उसकी कार रुकवाने की कोशिश की। जैसे ही उसने गाड़ी पीछे मोड़कर निकलने की कोशिश की, एक आरोपी लोहे की रॉड लेकर उतरा और कंडक्टर साइड का शीशा तोड़ दिया। फोन पर हालात समझते हुए पिता विनोद कुमार ने बेटे को तुरंत गाड़ी भगाने के लिए कहा। इसी दौरान हमलावरों ने कार के टायर पर भारी वस्तु से हमला कर उसे फाड़ दिया। बावजूद इसके अभिमन्यु ने हिम्मत नहीं हारी और फटे टायर के साथ तेज रफ्तार में कार दौड़ाकर घर पहुंच गया। परिवार के अनुसार हमलावर करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पीछा करते रहे।
हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस चौकी से महज 400 से 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच राजनीतिक रंजिश और लूट की कोशिश—दोनों एंगल से की जा रही है। परिवार को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया गया है।

