Ludhiana में ज्वेलर्स के बेटे से कथित बदसलूकी का आरोप, पुलिस कमिश्नर को देंगे शिकायत
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 08:43 PM (IST)
लुधियाना ( गणेश / सचिन ) : शहर में बिट्टू ज्वैलर्स मालिक गुरशन सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरशन सिंह के अनुसार वह मंगलवार को अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे और अपनी दुकान अपने बेटे के हवाले करके गए थे, जो पहले भी कई बार उनकी गैरमौजूदगी में दुकान संभाल चुका है और पूरे कामकाज से भली-भांति परिचित है।
बुधवार को उनकी अनुपस्थिति में एक पुराना ग्राहक दुकान पर आया और 42 ग्राम चांदी की चेन बेचने की बात कही। ग्राहक को पहचानते हुए उनके बेटे ने बिना किसी शक के चेन खरीद ली और पैसे दे दिए। बताया जा रहा है कि वही व्यक्ति बाद में चोरी का आरोपी निकला। इसके बाद दो पुलिसकर्मी उसे अपने साथ लेकर दुकान पर पहुंचे।
गुरशन सिंह का कहना है कि बेटे का मोबाइल फोन छीन लिया गया और उस पर दबाव बनाते हुए लगातार सवाल पूछे गए। इतना ही नहीं, उससे उसके परिवार — यहां तक कि उसकी बहन के बारे में भी पूछताछ की गई, जिसका इस मामले से कोई संबंध नहीं था।
न्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उनके बेटे को थप्पड़ मारने तक उतर आए। यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो चुकी है, जो अब इस मामले में महत्वपूर्ण सबूत बन सकती है।
गुरशन सिंह ने कहा इस घटना के बाद से उनका बेटा काफी सहमा हुआ है और मानसिक दबाव में है। गुरशन सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान स्पष्ट नहीं की और अपने नाम तक छुपाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वह इस मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर को देंगे और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे और व्यापारी वर्ग में भी इस घटना को लेकर रोष देखा जा रहा है। अगर CCTV फुटेज में आरोपों की पुष्टि होती है, तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई संभव है।

