हिन्दू संगठनों  की चेतावनी, ''अमित के कातिलों को पकड़ो, वर्ना...''

punjabkesari.in Tuesday, Feb 07, 2017 - 02:43 PM (IST)

लुधियाना: पिछले दिनों प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर के बाहर सरेआम गोलियां मारकर हिन्दू नेता अमित शर्मा की हत्या के कई दिन बाद भी कातिलों के न पकड़े जाने से हिन्दू समाज में रोष बढ़ता जा रहा है। इसके चलते हिन्दू संगठनों ने बुधवार से संघर्ष शुरू करने की घोषणा की है। इनमें हिन्दू सुरक्षा समिति के नेता राकेश कपूर, लुधियाना कांवड़ संघ के प्रधान हरीश शर्मा बॉबी व हिन्दू रक्षा सेना के उपप्रधान संजीव चौधरी ने कहा कि पंजाब में चुनावी माहौल के चलते उन्होंने अमित शर्मा के हत्यारों को पकडऩे के लिए कोई संघर्ष नहीं किया परंतु अब अमित शर्मा के कातिलों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार से संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा। 

पंजाब के मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाई जाए 
हिन्दू संयुक्त मोर्चा के संयोजक व शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन ने कहा कि पंजाब में बढ़ते आतंकवाद के प्रभाव को देखते हुए व आने वाले त्यौहारों के मद्देनजर हिन्दू संगठनों ने पंजाब के मंदिरों की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है। उन्होंने लुधियाना के प्रसिद्ध प्राचीन दुर्गा माता मंदिर के बाहर सरेआम एक व्यक्ति की हत्या किए जाने के बाद मौड़ मंडी में हुए बम धमाके के बाद पंजाब में एक दहशत का माहौल बन गया है। हिन्दू समाज के सबसे प्रिय त्यौहार शिवरात्रि का आगमन हो रहा है और इस त्यौहार में हर जगह शोभायात्राओं का आयोजन किया जाता है। ऐसे में अलगाववादी पंजाब का माहौल अशांत कर सकते हैं। शिवसेना पंजाब के उपप्रमुख राकेश अरोड़ा, अमर टक्कर व सिटी प्रधान अश्विनी चोपड़ा ने पंजाब पुलिस प्रमुख डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा से अपील की कि पंजाब के मुख्य मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News