DM गगन के घर पहुंचे सांसद अमृतपाल सिंह के पिता, उठाई CBI जांच की मांग

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 12:51 PM (IST)

अमृतसर (रमन): अमृतसर वेयरहाउस के दिवंगत डीएम गगनदीप सिंह के परिवार से दुख सांझा करने के लिए सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पंजाब में ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन पीड़ितों को अक्सर न्याय नहीं मिल पाता।

तरसेम सिंह ने कहा कि गगनदीप सिंह की मौत केवल एक परिवार का नुकसान नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में रहने वाले इंसाफ पसंद लोग एकजुट होकर आवाज उठाएं, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जिन लोगों ने गगनदीप सिंह को आत्महत्या के लिए मजबूर किया, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर प्रभावशाली लोगों पर ही धमकियां देने के आरोप लग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी और आम लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो यह बेहद चिंता का विषय है। तरसेम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टरवाद को खत्म करने की बजाय कहीं न कहीं उसे बढ़ावा मिल रहा है। इसलिए इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि पार्टीबाजी, जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर इस परिवार का साथ दें और न्याय की लड़ाई में एकजुट हों। उन्होंने कहा कि परिवार का नुकसान तो पूरा नहीं हो सकता, लेकिन दोषियों को सजा मिलने से उन्हें कुछ राहत जरूर मिलेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News