बिक्रम मजीठिया के वकील का नाम FIR में शामिल, आज हड़ताल पर अमृतसर बार एसोसिएशन
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 11:40 AM (IST)
अमृतसर (जोशी): शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के वकील एडवोकेट बिक्रमजीत सिंह बाठ का नाम FIR में दर्ज किए जाने के विरोध में अमृतसर के वकीलों में भारी रोष देखने को मिला। इसी मुद्दे को लेकर अमृतसर बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए आज हड़ताल करने का ऐलान किया है।
इस संबंध में अमृतसर बार एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव बॉडी की एक अहम बैठक 04 जून 2026 को एसोसिएशन के प्रेसिडेंट श्री गुरप्रीत सिंह पनेसर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मजीठा पुलिस स्टेशन (जिला अमृतसर) में 01 जून 2026 को दर्ज FIR नंबर 91 पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एग्जीक्यूटिव बॉडी के सदस्यों ने FIR को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। सदस्यों का कहना था कि कानूनी पेशे से जुड़े व्यक्ति को दबाव में लेने और डराने के उद्देश्य से कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग किया गया है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
लंबी चर्चा के बाद एग्जीक्यूटिव बॉडी ने सर्वसम्मति से 05 जून 2026 (शुक्रवार) को “काम न करने का दिन” (No Work Day) मनाने का प्रस्ताव पारित किया। बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि एडवोकेट बिक्रमजीत सिंह बाठ का नाम FIR में गलत, दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक कारणों से शामिल किया गया है।
एसोसिएशन ने मामले की तुरंत निष्पक्ष जांच कराने और बिना किसी देरी के एडवोकेट का नाम FIR से हटाने की मांग की है। साथ ही यह भी दोहराया कि न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए वकीलों की स्वतंत्रता, गरिमा और सुरक्षा बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की आपराधिक कार्रवाई के जरिए वकीलों को डराने या दबाव में लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, अमृतसर बार एसोसिएशन ने सभी न्यायिक अधिकारियों, रेवेन्यू कोर्ट, सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट कोर्ट, कंज्यूमर कोर्ट, इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल, लेबर कोर्ट, कंट्रोलिंग अथॉरिटी (ग्रेच्युटी, पेंशन और वर्कमैन कंपनसेशन ALC) तथा जुवेनाइल कोर्ट से इस हड़ताल में सहयोग करने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

