मेडिकल स्टोर चलाने वालों को सख्त संदेश, एसोसिएशन ने किया ऐलान

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 11:17 AM (IST)

अमृतसर (दलजीत): पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन ने मेडिकल स्टोरों की आड़ में नियमों के विपरीत नशीली दवाओं की खरीदो-फरोख्त करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि कोई भी मेडिकल स्टोर नियमों का उल्लंघन करते हुए नशीली दवाएं बेचता या खरीदता पाया गया तो एसोसिएशन द्वारा उसका पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। एसोसिएशन ने कहा कि मेडिकल स्टोर के पवित्र पेशे को बदनाम करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

एसोसिएशन के महासचिव मनमोहन सिंह, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनिंदर दत्ता और राज कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि मानसा में घटी घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर का कारोबार सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य और भलाई से जुड़ा हुआ है। कुछ लोग मेडिकल स्टोरों की आड़ में नियमों के विपरीत नशीली दवाओं की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। ऐसे लोग न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं, बल्कि पूरे केमिस्ट समुदाय की साख को भी नुकसान पहुंचाते हैं। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह न तो ऐसे व्यक्तियों का समर्थन करती है और न ही उन्हें किसी प्रकार का संरक्षण देना बर्दाश्त करेगी। यदि कोई व्यक्ति नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में शामिल पाया जाता है तो उसके साथ खड़े होने वालों और उसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी आवाज बुलंद की जाएगी।

हर दवा की बिक्री और पर्चे का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य 

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों और ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत दवाओं की बिक्री संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। विशेष रूप से नियंत्रित दवाओं की बिक्री का रिकॉर्ड रखना बहुत जरूरी है। मेडीकल स्टोर संचालकों को दवाओं की खरीद और बिक्री का पूरा हिसाब-किताब संभालकर रखना चाहिए।

नशे के खिलाफ एसोसिएशन भी मैदान में 

पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन ने कहा कि नशे की समस्या केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। केमिस्ट समुदाय भी इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी समझता है। एसोसिएशन ने अपने सदस्यों से अपील की कि वे नियमों का पालन करते हुए दवाओं की बिक्री करें।

एसोसिएशन का कार्य सराहनीय : सिविल सर्जन 

सिविल सर्जन डॉक्टर भारती धवन ने कहा कि एसोसिएशन का निर्णय सराहनीय है। एसोसिएशन द्वारा हमेशा स्वास्थ्य विभाग की मदद करते हुए नशे का कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाती है। स्वास्थ्य विभाग ऐसे संगठनों का सम्मान करता है, जो नियमों के विपरीत काम करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का झंडा बुलंद करते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News