अमृतसर में गुरुपर्व से पहले निगम की सख्त कार्रवाई, मीट की दुकानें सील और दुकानदारों चेतावनी जारी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 01:07 PM (IST)

अमृतसर (रमन): श्री गुरु रामदास के आगामी गुरुपर्व की तैयारियों और पवित्र नगरी संबंधी सरकारी हिदायतों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम अमृतसर द्वारा वर्ल्ड सिटी क्षेत्र में नाजायज तौर पर चल रही मीट की दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके तहत सुल्तानविंड गेट के पास कारखाना बाजार में कच्चे मीट की 4 दुकानों को सील कर दिया गया। इसके साथ ही वर्ल्ड सिटी के अंदर मीट और तंबाकू का कारोबार करने वाले दुकानदारों को अपना कारोबार निर्धारित क्षेत्र से बाहर तबदील करने की चेतावनी दी गई।

नगर निगम के एस्टेट विभाग द्वारा यह कार्रवाई एस्टेट अफसर धर्मिंद्रजीत सिंह की अगुवाई में की गई। इस दौरान स्लाटर हाऊस विभाग की टीम, जिसकी अगुवाई डा. दरसगन कश्यप ने की और थाना बी-डिवीजन के एस.एच.ओ. सहित पुलिस टीम ने सहयोग दिया। यह कार्रवाई सचिव-कम-एस्टेट अफसर सुशांत भाटिया की निगरानी और नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, आई.ए.एस. व एडिशनल कमिश्नर डॉ. जय इंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई।

मौके पर अदालती आदेश पेश नहीं कर सके दुकानदार 

कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदारों ने अदालत द्वारा स्टे आर्डर जारी होने का दावा किया लेकिन वे मौके पर इस संबंधी कोई अदालती हुक्म पेश नहीं कर सके। इसके बाद नगर निगम की टीम ने लागू हिदायतों और संबंधित नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए चारों दुकानों को सील कर दिया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि वर्ल्ड सिटी को पवित्र नगरी घोषित करने संबंधी सरकारी हिदायतों की पालना करवाना निगम की मुख्य प्राथमिकता है। ऐतिहासिक शहर की सफाई, धार्मिक मर्यादा और पवित्र वातावरण को कायम रखना भी बेहद जरूरी है, खासकर श्री गुरु रामदास जी के पावन गुरुपर्व से पहले।

अधिकारियों ने वर्ल्ड सिटी के अंदर मीट और तंबाकू का कारोबार करने वाले दुकानदारों को हिदायत दी कि वह सरकारी नियमों के अनुसार अपना कारोबार निर्धारित क्षेत्र से बाहर तबदील कर लें। उन्होंने चेतावनी दी कि हिदायतों की उल्लंघना जारी रहने पर और सख्त कार्रवाई की जा सकती है। निगम ने व्यापारियों और शहरवासियों से प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अमृतसर की ऐतिहासिक विरासत, सफाई और धार्मिक मर्यादा को कायम रखने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News