चंडीगढ़ में 3 युवकों पर जानलेवा हमला, पेट-छाती पर चाकू से किए कई वार
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 04:20 PM (IST)
पंजाब डेस्क : बेखौफ बदमाशों द्वारा पार्क में बैठे 3 युवकों पर जानलेवा हमला किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ में बदमाशों ने पार्क में बैठे 3 युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे को मामूली चोटें आई हैं। घायलों की पहचान लक्की (19 साल), अरुण (22 साल) और कुलदीप (25 साल) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक पार्क में बैठे थे। इसी दौरान अचानक कुछ हमलावर वहां पहुंचे, जिन्हें देखकर युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में लक्की के पेट में चाकू घोंपकर घुमा दिया गया। वहीं अरुण की छाती और पीठ पर करीब 12 बार चाकू से वार किए गए। कुलदीप के हाथ पर चाकू लगा। इसके बाद तीनों घायलों को सेक्टर-16 सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के बाद कुलदीप को छुट्टी दे दी गई। अरुण का अस्पताल में इलाज चल रहा है और लक्की की हालत गंभीर होने के चलते उसे PGI रेफर किया गया, वहां पर भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

