‘क्या सरकार गुरु से टक्कर लेगी?’ बेअदबी कानून को लेकर गनीव कौर का सरकार पर तीखा हमला

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 01:28 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बेअदबी से जुड़े नए कानून को लेकर सदन में जमकर बहस हुई। शून्यकाल के दौरान मजीठा से अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया ने सरकार से कानून में संशोधन को लेकर तीखा हमला किया है। 

गनीव कौर मजीठिया ने कहा कि कुछ दिन पहले श्री अकाल तख्त साहिब में जाकर कानून में संशोधन का भरोसा दिया गया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सरकार से पूछा कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा क्यों नहीं की गई।

उन्होंने विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने संगत को गुरु से ऊपर बताया था। क्या आप लोग गुरु से टक्कर लोगे? गनीव कौर ने कहा कि विधानसभा में विधायक और मंत्री हैं, जबकि श्री अकाल तख्त साहिब पर गुरु की संगत थी। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या वह अपने पहले दिए गए भरोसे से पीछे हट रही है।

गनीव कौर ने यह भी सवाल उठाया कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से बनाई गई कमेटी से सरकार ने बातचीत क्यों नहीं की। उन्होंने सरकार से बेअदबी के मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी।

गनीव कौर के सवालों पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब सिख पंथ की शान है और उसे चुनौती देने की किसी में हिम्मत नहीं है। उन्होंने गनीव कौर से पंथक रीति-रिवाजों और परंपराओं की जानकारी को लेकर भी सवाल किया।

बहस के दौरान AAP विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बादल परिवार पर श्री अकाल तख्त साहिब को चुनौती देने का आरोप लगाया। वहीं वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस पर श्री अकाल तख्त साहिब को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार आदेशों का पालन कर रही है।

स्पीकर संधवां ने भी पिछली सरकार के समय अकाली नेताओं को श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़े विवाद का हवाला देते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार वहां नतमस्तक होने गई थी और इसे चुनौती नहीं माना जा सकता। बेअदबी कानून में संशोधन, श्री अकाल तख्त साहिब की भूमिका और पुराने राजनीतिक विवादों को लेकर सत्ता पक्ष और अकाली विधायक के बीच हुई इस बहस के दौरान सदन का माहौल काफी गरम रहा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News