संत सीचेवाल के पत्र ने AAP सरकार को किया कटघरे में खड़ा, पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल: ढिल्लों
punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 07:35 PM (IST)
पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा पंजाब के डीजीपी को लिखे गए पत्र को लेकर पंजाब की 'आप' सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कठघरे में खड़ा किया है। प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि 'आप' सांसद का यह पत्र पंजाब में पूरी तरह चरमरा चुकी कानून-व्यवस्था का सबसे बड़ा प्रमाण बन गया है।
ढिल्लों ने कहा कि यह किसी विपक्षी दल का आरोप नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ दल के अपने ही सांसद की लिखित गवाही है कि पंजाब में चोरी, लूटपाट और नशे का कारोबार बेकाबू हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी पार्टी का अपना सांसद यह लिखने के लिए मजबूर हो जाए कि, "मेरे गनमैनों को वापस थाने भेज दिया जाए, क्योंकि लोगों को मुझसे ज्यादा पुलिस की जरूरत है," तो इससे बड़ा सरकार के खिलाफ आरोप-पत्र और क्या हो सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने संत सीचेवाल से सम्मानपूर्वक प्रश्न करते हुए कहा कि पंजाब की सत्ता उनकी अपनी पार्टी के पास है, फिर उन्हें डीजीपी को पत्र लिखने की आवश्यकता क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि यह सवाल पंजाब को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाने वाले अरविंद केजरीवाल से पूछा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' सरकार पंजाब में पूरी तरह विफल हो चुकी है और अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है।
ढिल्लों ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था का ढांचा पूरी तरह हिल चुका है। प्रतिदिन अपराध बढ़ रहे हैं। पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं, राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर हमले हो रहे हैं और दिनदहाड़े हत्या, चोरी तथा लूट जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। ऐसे हालात में अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकारें केवल विज्ञापनों से नहीं, बल्कि कानून का राज स्थापित करने और सुशासन देने से चलती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब झूठे प्रचार नहीं, बल्कि सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जवाबदेह शासन चाहते हैं। पंजाब को सुरक्षित वातावरण केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही दे सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

