पंजाब भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के पास किया प्रदर्शन, ढिल्लों सहित कई हिरासत में

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 02:44 PM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर (अंकुर, गुलशन): भाजपा द्वारा कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के तहत पंजाब भाजपा के प्रधान केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विशाल प्रदर्शन किया गया। भाजपा ने कांग्रेस पर ‘अराजकता, पाखंड और दुष्प्रचार की राजनीति’ करने तथा नीट मुद्दे का संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। 

कड़ों भाजपा कार्यकर्त्ता प्रदर्शन में शामिल हुए और कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सैंकड़ों कार्यकर्त्ताओं को एहतियातन हिरासत में लेकर सैक्टर-11 पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बात करते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि लगातार चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर जवाबदेही से भागते हुए आंदोलन की राजनीति का रास्ता चुना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी खत्म होती राजनीतिक जमीन को बचाने के लिए छात्रों को राजनीतिक मोहरा बना रही है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि विदेश यात्राओं से लौटने के बाद उन्होंने एक बार फिर छात्रों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कांग्रेस को छात्रों के न्याय की चिंता नहीं है, बल्कि राजनीतिक विवाद खड़े करने में उसकी दिलचस्पी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही दिन सी.बी.आई. जांच के आदेश दिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की। 

अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ढिल्लों ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए फरीदकोट में कथित फार्मेसी परीक्षा नकल घोटाले पर दोनों दलों की चुप्पी पर सवाल उठाया। 

उन्होंने पूछा कि जब पंजाब में परीक्षा घोटाले होते हैं, तब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुप क्यों रहती हैं? उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली यू.पी.ए. सरकार का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2004 से 2014 के दौरान कई बड़े परीक्षा प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन कोई प्रभावी जांच नहीं हुई। इसके विपरीत मोदी सरकार ने नीट मामले में त्वरित कार्रवाई, पारदर्शी जांच और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि बैरिकेड, गिरफ्तारियां और पुलिस कार्रवाई भाजपा कार्यकर्त्ताओं को डरा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में कांग्रेस के दोहरे चरित्र और छात्र विरोधी राजनीति को उजागर करती रहेगी तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं और देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News