जालंधर नगर निगम में नक्शे और NOC पास करने का काम ठप, परेशान लोग
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 09:55 AM (IST)
जालंधर (खुराना): लोकल बॉडीज विभाग की ओर से नक्शे और एन.ओ.सी. पास करने के लिए एक सितम्बर से पुराने ई-नक्शा पोर्टल की जगह एम-सेवा पोर्टल शुरू किया गया था, लेकिन करीब एक महीना बीतने के बावजूद नया सिस्टम पूरी तरह ठीक नहीं हो पाया है। इसका सीधा असर जालंधर नगर निगम में नक्शे और एनओसी पास करने के काम पर पड़ रहा है और निगम के रैवेन्यू को भी भारी नुकसान हो रहा है।
बिल्डिंग एंड इंजीनियर एसोसिएशन ने कुछ दिन पहले नगर निगम कमिश्नर से मुलाकात कर इस समस्या के बारे में जानकारी दी थी। एसोसिएशन के अनुसार करीब 15 दिनों तक पुराने ई-नक्शा पोर्टल पर नई फाइलें अपलोड नहीं हो पा रही थीं। अब एम-सेवा पोर्टल पर फाइलें अपलोड तो हो जाती हैं और बिल्डिंग इंस्पैक्टर तक पहुंच भी रही हैं, लेकिन बिल्डिंग ब्रांच के सरकारी अधिकारियों की आईडी अभी तक नहीं बनाई गई हैं। इस कारण फाइलों को आगे बढ़ाकर मंजूर करना संभव नहीं हो पा रहा।
इस वजह से कई आर्किटेक्ट और बिल्डिंग इंजीनियरों की फाइलें नगर निगम में अटकी हुई हैं। रोजाना लोग नक्शे और एन.ओ.सी. की फाइलें जमा करवा रहे हैं, लेकिन पोर्टल की कमियों के कारण उनके निर्माण से जुड़े काम रुके हुए हैं। कई लोग अपने नए प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए फाइलें मंजूर होने का इंतजार कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि नए पोर्टल में अन्य कई कमियां भी सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ आर्किटेक्ट और बिल्डिंग इंजीनियरों को भी परेशानी हो रही है। एसोसिएशन ने मांग की है कि सरकार और लोकल बॉडीज विभाग इस समस्या का तुरंत समाधान करे, संबंधित अधिकारियों की आईडी बनाई जाए और पोर्टल को पूरी तरह सुचारू किया जाए, ताकि लोगों का काम समय पर हो और नगर निगम के रेवेन्यू का नुकसान भी रोका जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

