जालंधर में रेड करने गई पुलिस पार्टी पर हमला! SI की वर्दी फाड़ी
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 01:13 PM (IST)
जालंधर (महेश): अपने घर में ही अवैध शराब का कारोबार करने वाले तस्कर तरसेम सिंह सेमा पुत्र पुत्र बुआ दास निवासी काहन दास नगर बस्ती बावा खेल के घर जब पुलिस पार्टी ने एक्साइज टीम के साथ रेड कर सेमा को शराब समेत गिरफ्तार कर लिया तो इसी दौरान उसकी पत्नी बेवी ने अपने दामाद और लड़की, कपिल समेत 13-14 लोगों को साथ लेकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया, जिसके चलते एस.आई. बलविंदर सिंह (डयूटी आफीसर) की वर्दी फट गई और नेम प्लेट भी टूट गई। बेवी और अन्य हमलावर सेमा को पुलिस से छुड़वा कर फरार हो गए।
जांच अधिकारी ए.एस.आई. गुरदयाल हीरा ने बताया कि पुलिस ने एस.आई. बलविंदर सिंह के बयानों पर सेमा की पत्नी बेवी समेत 18 लोगों के खिलाफ अंडर सैक्शन 132, 221, 191(2), 190 और 238 के तहत थाना बस्ती बावा खेल में 253 नंबर एफ.आई.आर. दर्ज करने के बाद फरार आरोपियों की तलाश में रेड करनी शुरू की, जिसके चलते सेमा की पत्नी बेवी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन उसकी तबीयत खराब हो जाने के कारण पहले उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया और इलाज के बाद फिर उसे माननीय अदालत में पेश किया गया और जज साहिब के आदेशों पर उसे सैंट्रल जेल कपूरथला में बंद करवा दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। एस.आई. बलविंदर सिंह ने पुलिस को बयान दिए थे कि वह साथी कर्मचारियों के साथ गशत के सबंध में बाबा बुड्डा जी पुल बस्ती बावा खेल मौजूद थे।
एक्साइज इंस्पैक्टर मनजीत सिंह (सर्कल बस्तियां जालंधर रेंज-2) ने आकर सूचना दी कि सेमा अपने घर में अवैध शराब का कारोबार करता है और अगर वहां रेड की जाए तो उसे समेत शराब पकड़ा जा सकता है। पुलिस ने एक्साइज टीम के साथ रेड कर सेमा को काबू कर उसके कब्जे से अवैध शराब बरामद कर ली और जब उसे ले जाने लगे तो उसकी पत्नी बेवी व अन्य द्वारा पुलिस पार्टी पर हमला कर सेमा को छुडवा लिया गया और पुलिस द्वारा बरामद की गई अवैध शराब को भी खुर्द-बुर्द कर दिया गया। तरसेम सिंह सेमा के खिलाफ पुलिस द्वारा थाना बस्ती बावा खेल में 61/1/14 एक्साइज एक्ट के तहत 252 नंबर एफ.आई.आर. अलग से भी दर्ज की गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

