लुधियाना में दिनदहाड़े दुकानदार पर अटैक, 500 रुपए को लेकर चले तेजधार हथियार, गरमाया माहौल

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 03:06 PM (IST)

लुधियाना (राज): इस्लामिया स्कूल के पास थाना डिवीजन नंबर-3 के इलाके में मात्र 500 रुपये के लेनदेन को लेकर दिन-दिहाड़े दातर से दुकानदार पर हमला करने वाले इन बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर आज मामला उस समय और गरमा गया जब इलाके के पूर्व विधायक सुरिंदर डावर खुद पीड़ित पक्ष को साथ लेकर लुधियाना के पुलिस कमिश्नर (CP) स्वपन शर्मा से मिलने पहुंचे।

पूर्व विधायक सुरिंदर डावर ने पीड़ित दुकान मालिक बंटी और उनके कारिंदे विजय को साथ लेकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और बाजार में हुई इस सरेआम गुंडागर्दी पर गहरी चिंता जताई। डावर ने सीपी स्वपन शर्मा को बताया कि किस तरह महज 500 रुपये के गूगल पे और कैश के मामूली विवाद में स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने सरेबाजार दहशत का नाच किया। उन्होंने कमिश्नर को अवगत कराया कि दिन-दिहाड़े धारदार हथियार लहराने और पत्थरबाजी करने की इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में भारी खौफ का माहौल है, इसलिए ऐसे समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ मिसाली कार्रवाई होनी चाहिए।

पीड़ितों की बात और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने पूर्व विधायक सुरिंदर डावर और पीड़ित दुकानदारों को पूरा यकीन दिलाया कि लुधियाना में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कमिश्नर ने फौरन संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं। वारदात करने वालों के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और बहुत जल्द दोनों आरोपी पुलिस की सलाखों के पीछे होंगे।

गौरतलब है कि इस पूरी वारदात की रोंगटे खड़े कर देने वाली सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुकी है, जिसमें करीब एक मिनट तक बीच सड़क पर स्थानीय लोगों और हमलावरों के बीच तीखी झड़प होती दिखाई दे रही है। हालांकि, बाजार की एकजुटता के आगे पस्त होकर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर तंग गलियों से दुम दबाकर भाग निकले थे। थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस पहले ही आरोपियों की बाइक जब्त कर चुकी है और अब पुलिस कमिश्नर के कड़े रुख के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिनाख्त किए गए दोनों हमलावर अब ज्यादा दिन पुलिस की पहुंच से दूर नहीं रह पाएंगे।  

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News