लुधियाना में बेखौफ बदमाशों का आतंक,  तेजधार हथियारों के बल पर युवक से मोटरसाइकिल छीन लुटेरे फरार

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 09:09 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उनमें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। बेखौफ बदमाशों ने रख बाग के सामने एक युवक को सरेराह घेर लिया और तेजधार हथियारों की नोंक पर उसकी मोटरसाइकिल छीनकर मौके से फरार हो गए। 

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस 
अमन शर्मा की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने अज्ञात आरोपीयो पर मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि इन बेखौफ लुटेरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे धकेला जा सके। पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि कल 7 जून को उसके दोस्त सहबाज सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। अपने दोस्त को इलाज के लिए दवा दिलाने के मकसद से वह अपने काले रंग के स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, जिसका नंबर PB02BY-2490 है, पर सवार होकर डीएमसी अस्पताल की तरफ जा रहा था। 

हथियारों की नोंक पर डराना-धमकाना किया शुरू
जैसे ही वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर रख बाग के सामने पहुंचा, तो अचानक रख बाग की पार्किंग वाली साइड से दो अज्ञात युवक हाथों में तेजधार हथियार लहराते हुए उसकी मोटरसाइकिल के आगे आ गए। शातिर लुटेरों ने युवक का रास्ता रोक लिया और हथियारों की नोंक पर उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो उक्त आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां देते हुए उससे उसकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News