लुधियाना में आधी रात हथियारबंद लुटेरों का आतंक, रेस्टोरेंट कर्मचारियों पर हमला कर लूट की कोशिश

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 08:52 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके फिरोजपुर रोड पर स्थित अंसल प्लाजा के सामने 'द इंपीरियल कोर्टयार्ड रेस्टोरेंट' के बाहर गुरुवार देर रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। यहां बाइक सवार दो बेखौफ लुटेरों ने रेस्टोरेंट के तीन कर्मचारियों को तेजधार हथियारों के बल पर लूटने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि तीनों कर्मचारी सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका खौफनाक वीडियो भी सामने आया है।

"तुम्हारे पास जो कुछ भी है चुपचाप निकाल दो,...
रेस्टोरेंट के किचन स्टाफ के सदस्य साहिब ने बताया कि गुरुवार रात करीब 1 बजे वह और उसके दो अन्य साथी ड्यूटी खत्म करने के बाद रेस्टोरेंट के बाहर थड़ी पर बैठकर अपने बाकी साथियों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मेन फिरोजपुर रोड की तरफ से एक लाल रंग की बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बाइक से उतरते ही एक बदमाश ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और कहा, "तुम्हारे पास जो कुछ भी है चुपचाप निकाल दो, नहीं तो यहीं जान से मार देंगे।"  इसी बीच जब एक कर्मचारी खड़ा होने की कोशिश करता है, तो लुटेरा तुरंत उस पर खतरनाक हथियार तान देता है। लुटेरे के हाथ में तेजधार हथियार देखते ही एक युवक किसी तरह अपना हाथ छुड़ाकर वहां से तेजी से भाग निकलता है। इसके बाद बाकी दोनों दोस्त भी खड़े हो जाते हैं और लुटेरों से उनकी तीखी बहस और हाथापाई शुरू हो जाती है।

इसी दौरान दूसरा लुटेरा भी आगे बढ़ता है और थड़ी पर मौजूद तीसरे दोस्त की गर्दन पर पीछे से जानलेवा हमला कर देता है, जिससे वह तड़पकर नीचे गिर जाता है। मौका पाकर दूसरा दोस्त भी खुद को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाकर भागने में कामयाब रहता है। नीचे गिरे युवक को अकेला देख दोनों लुटेरे उसकी जेबें टटोलने लगते हैं, लेकिन किस्मत से उसके पास कुछ नहीं मिलता। इतने में वह तीसरा युवक भी हिम्मत दिखाकर सड़क की तरफ दौड़ लगा देता है। तीनों युवकों को हाथ से निकलता देख लुटेरे कुछ दूर तक उनके पीछे भागते हैं, लेकिन जब कोई हाथ नहीं आता तो वे पकड़े जाने के डर से अपनी बाइक उठाकर मौके से फरार हो जाते हैं।इस खौफनाक वारदात के बाद से तीनों पीड़ित कर्मचारी बुरी तरह सहमे हुए हैं। घटना के तुरंत बाद मामले की लिखित शिकायत थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News