लुधियाना में क्रिकेट की रंजिश बनी खूनी जंग: सिनेमा के बाहर तेजधार हथियारों से दोस्तों पर जानलेवा हमला
punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 09:27 AM (IST)
लुधियाना (राज): खेल के मैदान की रंजिश इस कदर खूनी खेल में बदल जाएगी, ऐसा किसी ने सोचा नहीं था। महानगर के रेखी सिनेमा के बाहर सरेआम गुंडागर्दी का एक खौफनाक मंजर सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर महज इस बात पर कुछ दोस्तों को रास्ते में रोक लिया और उन पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
रास्ते में घात लगाए बैठे हमलावरों ने युवक पर बोला हमला
हमलावर वारदात को अंजाम देकर पीड़ितों को सरेआम जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने गुरविंदर सिंह की शिकायत पर आरोपी मनप्रीत सिंह, रिचर्ड, नाती सहित दस लोगों पर केस दर्ज कर दिया है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीती 1 जून को वह अपने साथियों राजा, पलास और दीपक के साथ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में रेखी सिनेमा के पास घात लगाए बैठे मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह ग्रेवाल उर्फ मनी ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर अचानक उनकी गाड़ी रुकवा ली। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपियों ने अपनी गाड़ियों से उतरकर तेजधार हथियारों से उन पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने पूरी बेरहमी से शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों की बुरी तरह मारपीट की और लहूलुहान कर दिया।
क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने से मना करने का खूनी अंजाम
वारदात के पीछे की मुख्य वजह महज एक दिन पुरानी मामूली रंजिश बताई जा रही है। पीड़ित ने बताया कि 31 मई को वह अपनी क्रिकेट टीम के साथ लुधियाना के भदौड़ हाउस में एक क्रिकेट टूर्नामेंट खेलने के लिए गया हुआ था। वहां पर आरोपी मनप्रीत सिंह भी मौजूद था। मनप्रीत ने शिकायतकर्ता पर दबाव बनाया कि वह उसकी टीम की तरफ से मैच खेले, लेकिन पीड़ित ने उसकी इस बात को मानने से साफ इनकार कर दिया। बस इसी बात को आरोपी मनप्रीत ने अपनी बेइज्जती समझ लिया और दिल में रंजिश पाल ली। इसी खुंदक के चलते उसने अगले ही दिन अपने साथियों को इकट्ठा किया और रेखी सिनेमा के पास पीड़ितों को घेरकर खूनी वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने नामजद आरोपी मनप्रीत और उसके साथियों की तलाश तेज कर दी है।

