लुधियाना में स्कूल के बाहर युवकों ने लहराई तलवारें, इलाके में मची दहशत

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 04:14 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): दाना मंडी के पास स्थित स्कूल के बाहर शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब स्कूल के छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ छात्र आपस में भिड़ गए, तभी दूसरी तरफ से कई युवक बिना यूनिफॉर्म के मौके पर पहुंचे। लोगों का आरोप है कि युवकों के हाथों में नंगी तलवारें थी और वह सीधे स्कूल के बच्चों की तरफ बढ़ रहे थे।

इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तलवारें लहराते युवक खुलेआम स्कूल के बाहर घूमते दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक इतने गुस्से में थे कि मामला मारपीट से बढ़कर जानलेवा हमले तक पहुंच सकता था। हैरानी की बात यह रही कि स्कूल प्रबंधन को काफी देर तक बाहर चल रहे इस हंगामे की भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार जब कुछ युवकों ने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू की तो तलवारें लेकर आए युवक मौके से भाग निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया।

मोहल्ला निवासियों ने स्कूल प्रबंधन और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन यहां लड़ाई-झगड़े और गुंडागर्दी की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाता। लोगों ने कहा कि दिन-दहाड़े स्कूलों के बाहर नंगी तलवारें लेकर घूमना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और तलवारें लेकर घूमने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News