चौकीदार का पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड: कुछ घंटों में सुलझाई वारदात, 7 पर FIR, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 04:31 PM (IST)

फाजिल्का (सुनील नागपाल) : फाजिल्का पुलिस ने शहर के घंटाघर चौक के पास कपड़ा मार्केट में चौकीदार पर हमला कर घायल करने के मामले को कुछ ही घंटों में ट्रेस करते हुए 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। वहीं मामले में शामिल 4 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से छापेमारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामला पुरानी रंजिश का है । जिसके चलते घायल के पड़ोसी ने ही इस वारदात को अंजाम दिया । 

फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे घंटाघर चौक के पास कपड़ा मार्केट में चौकीदार के तौर पर ड्यूटी कर रहे पाला सिंह पुत्र जंगीर सिंह निवासी कौड़ियांवाली पर कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में पाला सिंह घायल हो गया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर थाना सिटी फाजिल्का में मुकदमा नंबर 199, दिनांक 24 सितंबर 2026 को धारा 109, 191(3), 190 और 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान थाना सिटी फाजिल्का की पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से वारदात में शामिल कुल 7 आरोपियों को ट्रेस किया। इनमें से 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुराने विवाद की रंजिश में हमला

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल पाला सिंह निवासी कौड़ियांवाली का कुछ दिन पहले अपने पड़ोसी नवजोत सिंह उर्फ अर्श के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामला छेड़छाड़ का बताया जा रहा है । पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते पाला सिंह पर पड़ोसी नवजोत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया गया।

इस मामले में पुलिस ने अजयपाल सिंह उर्फ विक्की पुत्र जसविंदर सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब, हाल कौड़ियांवाली, मनीष पुत्र अमरजीत सिंह निवासी कौड़ियांवाली, सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख्खा पुत्र बिट्टू सिंह निवासी वन वाला को गिरफ्तार कर लिया है जिनसे वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।

मामले में नवजोत सिंह उर्फ अर्श, मनीष सिंह, गग्गू सिंह और प्रभु समेत 4 अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फाजिल्का पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News