युवकों ने लड़की पर किया तेजधार हथियारों से हमला, फिर जबरदस्ती खिलाई जहरीली गोलियां

punjabkesari.in Monday, Aug 02, 2021 - 02:08 PM (IST)

डेराबस्सी(गुरप्रीत सिंह) : 5 युवकों ने एक विवाहिता पर पहले तो तेजधार हथियार से हमला किया फिर जहरीली गोलियां खिलाकर मारने की कोशिश की। विवाहिता की दोनों बाजुओं पर किसी तेजधार हथियार से 12 से अधिक कट लगे हुए हैं। घायलावस्था में लड़की को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में दाखिल करवाया गया है, जहां उसकी हालत को बिगड़ता देख उसे जी.एम.सी.एच.-32 रैफर कर दिया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

जीजा ने घर से निकाला, पुलिस ने धमकाया
अस्पताल में दाखिल गुलमोहर सिटी एक्सटैंशन निवासी विवाहिता रवीना  (30) के भाई राहुल शर्मा ने बताया कि अक्तूबर 2020 में गुरुग्राम के निवासी मनीष पुरी से उनकी बहन की शादी हुई थी। दोनों का यह दूसरा विवाह था। उसकी बहन के पास 3 साल की बच्ची है। राहुल ने आरोप लगाया कि विवाह के कुछ दिन बाद ससुराल परिवार उनकी बहन को परेशान करने लगा व उनको बच्ची समेत घर से निकाल दिया। मुबारिकपुर पुलिस चौकी व वूमैन सैल में शिकायत दर्ज करवाई। मुबारिकपुर पुलिस ने उनकी शिकायत पर ससुराल वालों पर केस दर्ज किया। राहुल ने आरोप लगाया कि मुबारिकपुर पुलिस चौकी के इंचार्ज ने मामला रफा-दफा करने के लिए उन पर दबाव बनाने लगे। कुछ गैगस्टरों की फोटो दिखाकर उनको डराया गया।

एक घंटे बाद पहुंची पुलिस, कोई कार्रवाई नहीं की
राहुल ने बताया कि बीती रात उनकी बहन एक्टिवा पर डेराबस्सी से घर आ रही थी। जब वह रेलवे फ्लाईओवर के पास पहुंची तो पीछे से किसी ने आवाज लगाकर उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रुकी व हैबतपुर रोड़ पर पहुंची तो एक कार व मोटरसाइकिल पर सवार 4-5 युवकों ने उसे घेरकर उस पर हमला कर दिया। तेजधार हथियार से उनके बहन की बाजुओं पर कई कट मारे गए। जबरदस्ती उसको फिनाइल की देकर मारने की कोशिश की गई। 8-10 फिनाइल की गोलियां खिलाकर वे वहां से फरार हो गए। राहुल ने आरोप लगाया कि पुलिस कंट्रोल रूम पर घटना की जानकारी दी जिसके एक घंटे के बाद अस्पताल पहुंची लेकिन कोई कार्रवाई पुलिस द्वारा नहीं की गई।

पुलिस पूरी सहायता कर रही : कमल
मुबारिकपुर चौकी के इंचार्ज कमल तनेजा ने कहा कि पुलिस ने पहली शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है व पुलिस विवाहिता के परिवार की पूरी सहायता कर रही है। विवाहिता पर हुए हमले के मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. बलवीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर जख्मी लड़की के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News