घर में घुसकर युवक पर बेसबॉल व दातर से हमला: आईफोन 17 प्रो लूटा, जान से मारने की दी धमकियां
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 08:57 AM (IST)
लुधियाना (राज): मामूली पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ युवकों द्वारा घर में घुसकर एक युवक पर बेसबॉल बैट व लोहे के दातर से जानलेवा हमला करने और उसका महंगा मोबाइल फोन लूट लिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बिक्रमजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों जगजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और उनके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 16 अगस्त को वह अपनी ताई सुनीता के घर पर मौजूद था। उसी दौरान कुछ युवक अचानक घर में दाखिल हुए और पूछने लगे कि अर्श कहां है, क्योंकि उन्होंने उससे 1500 से 1600 रुपये लेने हैं। जब शिकायतकर्ता ने उनसे पैसों के लेनदेन के बारे में पूछताछ करनी चाही, तो आरोपी भड़क गए और तैश में आ गए। आरोपियों ने बिना कोई मौका दिए बेसबॉल बैट और लोहे के दातर से शिकायतकर्ता पर हमला बोल दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। जब पीड़ित ने जान बचाने के लिए शोर मचाया, तो हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं।
जाते-जाते आरोपी पीड़ित के हाथ से उसका कीमती iPhone 17 Pro जबरन छीनकर मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर चोटें आने के बाद परिजनों ने घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका मेडिकल उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकियां देने की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

