अमृतसर में दिनदहाड़े लूट की कोशिश, बाइक से गिरते ही युवक पर दातर से हमला; Video वायरल
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 09:10 PM (IST)
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में दिनदहाड़े लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना वल्लां इलाके की बताई जा रही है, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर हथियारों से हमला कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार युवक हाईवे से गुजर रहा था, तभी बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने उसे घेरने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक ने बदमाशों से बचने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह अचानक बाइक से गिर गया। युवक के गिरते ही हमलावरों ने उस पर दातर जैसे तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उसके पास मौजूद किट छीनने की कोशिश की।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

