ऑटोमेटेड ड्राइविंग टैस्ट सैंटर में सर्वर में आई दिक्कत, 3 घंटे प्रभावित रहा कामकाज
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 09:56 AM (IST)
जालंधर (चोपड़ा): रीजनल ट्रांसपोर्ट कार्यालय (आर.टी.ओ.) के अधीन आते ऑटोमेटेड ड्राइविंग टैस्ट सैंटर, नजदीक बस स्टैंड में आज सर्वर में आई तकनीकी दिक्कत के कारण कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित रहीं। सर्वर में करीब 12.30 बजे के आसपास तकनीकी खराबी आने के बाद ड्राइविंग लाइसैंस रिन्यूअल, इंटरनैशनल ड्राइविंग लाइसैंस तथा अन्य संबंधित कार्य करीब 3 घंटे तक प्रभावित रहे। इस दौरान सैंटर में अपने काम करवाने पहुंचे आवेदकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
सर्वर में आई समस्या के कारण ऑनलाइन सिस्टम पर होने वाली प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसके चलते जिन लोगों ने पहले से समय लेकर सैंटर का रुख किया था, उन्हें भी इंतजार करना पड़ा। कई आवेदक अपनी बारी आने की उम्मीद में काफी देर तक सेंटर में बैठे रहे। विशेष रूप से सीनियर सिटीजन और महिलाओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ आवेदकों ने बताया कि वे निर्धारित समय पर सैंटर पहुंच गए थे, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उनका काम समय पर नहीं हो सका।
12 बजे के बाद आई दिक्कत, करीब 2.30 बजे सामान्य हुआ सिस्टम
जानकारी के अनुसार सैंटर के सर्वर में करीब 12 बजे के आसपास दिक्कत आई, जिसके बाद संबंधित ऑनलाइन सेवाओं पर इसका असर पड़ना शुरू हो गया। करीब 2.30 बजे के आसपास सिस्टम सामान्य होने के बाद कर्मचारियों ने दोबारा काम शुरू किया और लंबित आवेदनों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इस दौरान सैंटर में मौजूद लोगों को अपनी बारी के लिए अतिरिक्त समय तक इंतजार करना पड़ा। आवेदकों का कहना था कि ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े काम के लिए उन्हें पहले से समय निकालकर सैंटर पहुंचना पड़ता है। ऐसे में यदि सर्वर में तकनीकी समस्या आ जाए तो उन्हें काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है। कुछ लोगों ने मांग की कि इस तरह की तकनीकी दिक्कतों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि सर्वर डाऊन होने की स्थिति में जरूरी काम पूरी तरह बंद न हों।
ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक पर टैस्ट लेने की प्रक्रिया रही जारी
हालांकि सर्वर की समस्या के बावजूद ऑटोमेटेड ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक पर ड्राइविंग टैस्ट और अन्य संबंधित गतिविधियां प्रभावी ढंग से चलती रहीं। जिन आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट निर्धारित था, उनके टैस्ट की प्रक्रिया पर सर्वर की समस्या का व्यापक असर नहीं पड़ा। ट्रैक पर कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदकों के ड्राइविंग टैस्ट करवाते रहे। सैंटर में पहुंचे कुछ आवेदकों ने बताया कि टैस्ट देने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन लाइसैंस रिन्यूवल और अन्य ऑनलाइन सेवाओं के लिए उन्हें अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। इससे सैंटर में कुछ समय के लिए आवेदकों की भीड़ भी बनी रही।
तकनीकी व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत
आवेदकों का कहना था कि आर.टी.ओ. से संबंधित अधिकतर सेवाएं अब ऑनलाइन सिस्टम पर निर्भर हैं। ऐसे में सर्वर में थोड़ी देर की तकनीकी खराबी भी बड़ी संख्या में लोगों के काम को प्रभावित कर देती है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की कि सर्वर और ऑनलाइन सिस्टम की तकनीकी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की स्थिति में बैकअप सिस्टम उपलब्ध करवाया जाए। हालांकि करीब 2.30 बजे के बाद सर्वर संबंधी दिक्कत दूर होने पर सेवाएं दोबारा सामान्य रूप से शुरू हो गईं और सेंटर में लंबित कामकाज को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद आवेदकों ने राहत की सांस ली।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

