कई जिलों में वारदात करने वाला गैंग बेनकाब, पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 06:28 PM (IST)

बरनाला(पुनीत): बरनाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बख्तगढ़ में हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने चोरों के एक अंतर-जिला गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार करके उनसे करीब 9 तोले सोने के गहने बरामद किए हैं। बरामद किए गए सोने की कीमत करीब 13 से 14 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही वारदातों में इस्तेमाल की गई दिल्ली नंबर की ब्रेज़ा गाड़ी भी बरामद की है। इन आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं और इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाई हैं।

इस बारे में प्रेस को जानकारी देते हुए DSP बरनाला सतबीर सिंह बैंस ने बताया कि 10 जून को गांव बख्तगढ़ के रहने वाले जुगराज सिंह के घर पर चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। जुगराज सिंह के बयानों के आधार पर सदर पुलिस स्टेशन बरनाला में केस दर्ज किया गया था। DSP बैंस ने बताया कि घटना का पता लगाने के लिए SHO सदर इंस्पेक्टर जगजीत सिंह, पोस्ट इंचार्ज पक्खो कैंचियां थानेदार बलजिंदर सिंह और CIA स्टाफ की विभिन्न टीमें बनाई गई थीं।

पुलिस टीमों ने CCTV फुटेज, ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल सेल की मदद से घटना में शामिल 3 आरोपियों की पहचान की। आरोपियों की पहचान जोगी, सम्मा और अजय के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर की बाबा बस्ती के रहने वाले हैं। इनमें से 2 आरोपी जोगी और अजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी सम्मा अभी भी फरार है। पुलिस द्वारा तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार रेड की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से सोने के 7 अलग-अलग गहने बरामद हुए हैं, जिनमें एक सोने का ब्रेसलेट, दो चूड़ियां, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, एक सोने का हार, एक अंगूठी शामिल हैं। हालांकि, पीड़ित परिवार ने करीब 26 तोले सोना चोरी होने की शिकायत दी थी। पुलिस का मानना ​​है कि फरार आरोपी सम्मा की गिरफ्तारी के बाद बाकी सामान भी बरामद होने की उम्मीद है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी प्रोफेशनल क्रिमिनल हैं। आरोपी जोगी के खिलाफ चोरी, लूट और मारपीट के करीब 16 केस पहले से ही दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी सम्मा के खिलाफ 20 केस और अजय के खिलाफ 2 केस दर्ज हैं।

फिरोजपुर पुलिस इनकी एक्टिविटी पर कड़ी नज़र रख रही थी, जिसके चलते पुलिस से बचने के लिए ये लुधियाना, बरनाला और मानसा जैसे दूर-दराज के जिलों में चोरियां करने लगे थे। ये आरोपी आम कपड़ों में गांवों की रेकी करते थे। गर्मी के दिनों में दोपहर में जब लोग अपने घरों के अंदर होते थे और सुनसान होता था, तो ये टारगेटेड बंद घरों में वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों ने बख्तगढ़ वाले दिन ही गांव भूतने में एक और चोरी की वारदात की थी, जिसके संबंध में टल्लेवाल थाने में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों का 5 दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आज उन्हें फिर से माननीय कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे का रिमांड मांगा जाएगा ताकि वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा सके कि ये चोरी का माल किस सुनार को बेचते थे। पुलिस आरोपियों का डोप टेस्ट भी करवा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News