भाई के ससुराल से तंग आकर युवक ने उठाया खौफनाक कदम, वीडियो और सुसाइड नोट में खोले राज
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 04:33 PM (IST)
बरनाला(विवेक सिंधवानी, रवि): स्थानीय गोविंद कॉलोनी की गली नंबर 3 में एक अत्यंत दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 31 वर्षीय युवक प्रवीण गर्ग ने अपने बड़े भाई के ससुराल परिवार द्वारा दिए जा रहे कथित मानसिक तनाव और परेशानी से तंग आकर फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या करने से पहले युवक ने एक सुसाइड नोट लिखने के साथ-साथ एक वीडियो भी बनाई, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार सभी आरोपियों के नाम उजागर किए हैं।
थाना सिटी बरनाला की पुलिस ने मृतक के पिता दर्शन कुमार के बयानों के आधार पर भाई की पत्नी, सास-ससुर और अन्यों सहित कुल 6 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी ओर मामला दर्ज होने के बावजूद मृतक के परिवार वाले और रिश्तेदार इस बात पर अड़े हुए हैं कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे मृतक का पोस्टमार्टम और संस्कार नहीं करवाएंगे।
क्लेश और झूठे मुकद्दमे ने तोड़ा परिवार
पुलिस के पास दर्ज करवाए गए बयानों में मृतक के पिता दर्शन कुमार पुत्र दिला राम निवासी गोविंद कॉलोनी बरनाला, जो घर में ही किराने की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि उनके 2 बेटे हैं बड़ा बेटा मोहित गर्ग (34) और छोटा बेटा प्रवीण गर्ग (31)। बड़े बेटे मोहित गर्ग की शादी करीब सवा साल पहले किम्मी सिंगला पुत्री संजीव कुमार सिंगला निवासी संगरूर के साथ हुई थी।
पिता ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही उनकी बहू किम्मी सिंगला घर में लगातार क्लेश रखने लग गई थी। इसी रंजिश के तहत किम्मी के माता-पिता ने मोहित गर्ग के ऊपर दिनांक 7 अप्रैल, 2026 को थाना वुमन संगरूर में एक झूठा मुकद्दमा भी दर्ज करवा दिया था, जिस कारण पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल रीतू रानी ने बताया कि मृतक के पिता के बयानों के आधार पर सभी 6 आरोपियों किम्मी सिंगला (भाई की पत्नी), संजीव कुमार सिंगला (ससुर, निवासी संगरूर), बबीता (सास, निवासी संगरूर), आशिमा (निवासी संगरूर), अंकिता (पत्नी विकास गर्ग, निवासी नोएडा), अखिल सिंगला (पुत्र संजीव कुमार, हाल निवासी अमरीका) के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहराई से जांच की जा रही है। दूसरी ओर अस्पताल के बाहर इकट्ठा हुए मृतक के रिश्तेदारों और पारिवारिक सदस्यों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा परिवार को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है।
रात के अंधेरे में घटा हादसा
दर्शन कुमार ने बताया कि 29 और 30 जून 2026 की दरमियानी रात को प्रवीण गर्ग ने इसी मानसिक परेशानी के चलते अपने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के सदस्य उसे जगाने गए, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाजें देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिवार ने दरवाजे का गेट तोड़ा। अंदर जाने पर प्रवीण का शव पंखे से लटका हुआ था, जिसे देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

