Bathinda: अवैध संबंधों के शक में पूर्व सरपंच की ह+त्या, कुल्हाड़ी से गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 02:30 PM (IST)
बठिंडा( विजय वर्मा): गांव जस्सी पो वाली चौक में रविवार शाम शराब ठेके के सामने पूर्व सरपंच जगतार सिंह की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस की प्राथमिक जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे अवैध संबंधों के शक से पैदा हुई रंजिश को अहम कारण माना जा रहा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जगतार सिंह के गांव के ही रहने वाले गुरादित्ता सिंह की पत्नी के साथ कथित संबंध थे। गुरादित्ता सिंह को इस बात का संदेह था और इसी को लेकर वह जगतार सिंह से कथित तौर पर रंजिश रखता था। रविवार शाम जगतार सिंह जैसे ही जस्सी पो वाली चौक स्थित शराब ठेके पर पहुंचा, आरोपी को इसकी भनक लग गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरादित्ता सिंह कथित तौर पर कुल्हाड़ी लेकर उसके पीछे ठेके तक पहुंचा। जगतार सिंह जब शराब खरीदने में व्यस्त था, तभी आरोपी ने पीछे से हमला कर दिया।
आरोप है कि कुल्हाड़ी से गर्दन पर लगातार दो जोरदार वार किए गए। हमला इतना वीभत्स था कि जगतार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस अब हत्या के पीछे रहे रिश्तों, पुरानी रंजिश और वारदात से पहले आरोपी की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ रही है। हालांकि, अवैध संबंधों का एंगल फिलहाल पुलिस की प्राथमिक जांच का हिस्सा है और इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

