बेअदबी की बड़ी साजिश नाकाम: घर के प्रकाश स्थान में चप्पल पहनकर घुसा युवक, परिवार ने दबोचा
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 09:36 AM (IST)
लुधियाना(राज): पंजाब में बेअदबी की घटनाओं के बीच एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक घर की ऊपरी मंजिल पर स्थापित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश स्थान में एक युवक के जबरन दाखिल होने से हड़कंप मच गया। आरोपी न केवल नंगे सिर था, बल्कि पैरों में चप्पल पहनकर मर्यादा भंग करने की कोशिश कर रहा था।
सूचना मिलते ही थाना सहनेवाल की पुलिस मौके पर पहुँची, पुलिस पार्टी ने आरोपी शिवा बख्शी को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता गुरसेवक सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 50 वर्षों से अपने घर की ऊपरी मंजिल पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश कर रहे हैं। रोज की तरह जब वह आज 24 मार्च सुबह करीब 6:15 बजे नतमस्तक होने के लिए कमरे में पहुँचे, तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।कमरे के अंदर आरोपी नंगे सिर और पैरों में चप्पलें पहनकर खड़ा था। सेवादार ने बताया कि आरोपी की नीयत और हरकतें बेहद संदेहास्पद थीं।
जैसे ही शोर मचाया गया, परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुँच गए और आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया। परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी चोरी करने और बेअदबी करने की नीयत से घर के भीतर दाखिल हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

