विदेश भेजने के नाम पर रची बड़ी साजिश, महिला ने इमीग्रेशन एजेंट को ही लगाया लाखों का चूना
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 09:45 AM (IST)
लुधियाना (राज): विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ उल्टा है। एक महिला ने इमीग्रेशन का काम करने वाले व्यक्ति को ही अपना शिकार बना लिया और 20 लाख रुपये की मोटी रकम डकार ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गहन जांच के बाद आरोपी गुरविंदर कौर उर्फ गगन सरा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सोनिक कुकर ने पुलिस को बताया कि वह खुद इमीग्रेशन के व्यवसाय से जुड़ा है, उसकी मुलाकात आरोपी महिला गुरविंदर कौर से हुई थी। बातचीत के दौरान तीन छात्रों को विदेश भेजने का सौदा तय हुआ, जिनमें से दो छात्रों को ऑस्ट्रेलिया और एक को सिंगापुर भेजा जाना था। विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने इन तीनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और फाइल प्रोसेस करने के लिए गुरविंदर कौर को कुल 20 लाख रुपये की राशि थमा दी। लेकिन समय बीतने के साथ आरोपी महिला के असली चेहरे से नकाब उतर गया। महिला ने न तो छात्रों को विदेश भेजा और न ही उनसे लिए गए पैसे वापस किए। जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगी। आरोपी गुरविंदर कौर ने सोची-समझी साजिश के तहत शिकायतकर्ता के साथ विश्वासघात किया और लाखों रुपये की ठगी की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

