फर्जी शादी और नकली डिग्री का खेल, विदेश भेजने के पर थानेदार सहित तीन लोगों से लाखों की ठगी

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 10:34 AM (IST)

मुल्लांपुर दाखा (कालिया): थाना सुधार की पुलिस ने विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन ट्रैवल एजैंटों के खिलाफ तीन अलग-अलग मुकद्दमे दर्ज कर दो एजैंटों को गिरफ्तार कर लिया है। डी.एस.पी. वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि ट्रैवल एजैंट लखवीर सिंह सिद्धू निवासी मंडी मुल्लांपुर अपनी पार्टनर रीना रानी (निवासी अब्बूवाल) के साथ मिलकर सुधार के पालिका बाजार में 'सेफ कंसल्टैंट इमिग्रेशन एंड एजुकेशन सैंटर' चला रहा था। इन एजैंटों ने महेश कुमार वर्मा के साथ मिलकर थाना सुधार में तैनात ए.एस.आई. मनोहर लाल के बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए। जब वीजा नहीं लगा, तो आरोपी ने ए.एस.आई. के बेटे की एक लड़की के साथ फर्जी शादी करवाई और लड़की की स्नातक की फर्जी डिग्री तैयार कर दोनों का यू.के. का वीजा लगवा दिया। 

कुल 33 लाख रुपए लेने के बावजूद एजैंटों ने यूनिवर्सिटी की फीस नहीं भरी, जिससे यू.के. एम्बेसी ने वीजा रद्द कर दिया। फिलहाल दोनों वहां अवैध रूप से रह रहे हैं। पुलिस ने बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं और इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरे मामले में, इन्हीं एजैंटों ने मनविंदर सिंह (निवासी लधाईके) को इंग्लैंड के वर्क परमिट का झांसा देकर 6.50 लाख रुपए ठग लिए। न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए। तीसरे मामले में, चरणजीत सिंह निवासी घमणेवाल को झांसे में लेकर उसकी फर्जी शादी करवाई गई और कनाडा भेजने के नाम पर 35 लाख रुपए ले लिए गए। बाकी 10 लाख रुपए कनाडा पहुंचने पर देने थे, लेकिन उसे विदेश नहीं भेजा गया। 

PunjabKesari

डी.एस.पी. खोसा ने बताया कि आरोपी लखवीर सिंह सिद्धू और रीना रानी पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। उनके फरार साथी महेश कुमार वर्मा निवासी होशियारपुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस मौके पर एस.एच.ओ. गुरदीप सिंह भी मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News