Ludhiana में फर्जी नेताओं का नेटवर्क! सियासी रसूख का डर दिखाकर ठगी
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 06:32 PM (IST)
लुधियाना (गणेश): औद्योगिक नगरी लुधियाना में कुछ कथित फर्जी नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय और मंत्रियों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से मोटी रकम ठगने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता ऋषभ कनौजिया ने पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और सुरक्षा समीक्षा की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार शहर में कुछ लोग खुद को प्रभावशाली नेता और उच्च राजनीतिक पहुंच वाला बताकर सरकारी दफ्तरों और पुलिस विभाग पर दबाव बनाने का दावा करते हैं। ये लोग मुख्यमंत्री कार्यालय और मंत्रियों के साथ करीबी संबंध होने की बात कहकर आम लोगों को अपने प्रभाव में लेते हैं।
आरोप है कि ये कथित फर्जी नेता अपने साथ 10 से 15 तक गनमैन लेकर चलते हैं, जिससे लोगों में उनका रौब और प्रभाव दिखाई दे। सुरक्षा घेरे और सरकारी संरक्षण का भ्रम पैदा कर वे लोगों का विश्वास जीतते हैं और फिर अलग-अलग काम करवाने के नाम पर भारी रकम वसूलते हैं।
बताया गया है कि ठगी के इस नेटवर्क के तहत हथियारों के लाइसेंस बनवाने, पुलिस इंक्वायरी लगवाने, एफआईआर दर्ज करवाने, मामलों को रद्द करवाने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित करने का झांसा दिया जाता है। कई लोगों से लाखों रुपये तक ठगे जाने की बात भी सामने आई है।
शिकायतकर्ता ऋषभ का कहना है कि इन लोगों को मिली सुरक्षा ही इनके लिए प्रभाव दिखाने का सबसे बड़ा माध्यम बन गई है। गनमैन और सुरक्षा देखकर आम लोग इन्हें प्रभावशाली सरकारी व्यक्ति समझ लेते हैं और इनके झांसे में आ जाते हैं। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि ऐसे सभी व्यक्तियों की सुरक्षा का तत्काल रिव्यू कराया जाए। यदि किसी को नियमों के विरुद्ध या प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए सुरक्षा दी गई है, तो उसे तुरंत वापस लिया जाए, ताकि शहर में हो रही इस तरह की ठगी पर रोक लग सके।

