सावधान! कहीं लॉटरी जीतने के चक्कर में हो न जाएं कंगाल, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 11:55 AM (IST)

जालंधर (धवन): लॉटरी निकलने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले जालसाजों के खिलाफ जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए उन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को फोन कॉल, एस.एम.एस. या व्हाट्सएप संदेश भेजकर यह कहते हैं कि उनकी लाखों रुपए की लॉटरी निकली है। इसके बाद लॉटरी की राशि दिलाने के नाम पर बैंक डिटेल, ओ.टी.पी., पिन या अन्य निजी जानकारी हासिल करने अथवा प्रोसैसिंग फीस जमा करवाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संदेशों और कॉलों पर भरोसा करने के बजाय लोगों को पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग आकर्षक इनाम का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। कई बार संदेश में बड़ी रकम, जैसे 25 लाख रुपए की लॉटरी जीतने का दावा किया जाता है और इनाम प्राप्त करने के लिए बैंक ट्रांसफर, प्रोसैसिंग फीस या किसी अन्य शुल्क की मांग की जाती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लॉटरी अथवा इनाम प्राप्त करने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को कोई ओ.टी.पी., पिन, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी सांझा न करें।

पुलिस कमिश्नर ने लोगों को सलाह दी है कि साइबर ठग अक्सर डर का माहौल बनाकर लोगों से गलती करवाने की कोशिश करते हैं, इसलिए किसी भी ऐसे मामले में जल्दबाजी में फैसला न लें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध लॉटरी या इनाम संबंधी कॉल, एस.एम.एस. अथवा व्हाट्सएप संदेश प्राप्त होता है तो उस पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी जांच करें। उन्होंने कहा कि लॉटरी के नाम पर मिलने वाला हर आकर्षक संदेश सही नहीं होता और अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए इनाम के दावे को बिना सत्यापन के स्वीकार करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है। जालंधर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं भी जागरूक रहें और अपने परिवार के बुजुर्गों तथा अन्य लोगों को भी इस तरह की साइबर ठगी के तरीकों के बारे में जानकारी दें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News