Bhatina : दहेज की भूख ने ली एक और मासूम बेटी की जान, 6 माह से गर्भवती थी विवाहिता
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 06:46 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा): जिले के गांव रायके कलां में दहेज के लिए प्रताड़ना और कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छह माह की गर्भवती जश्नदीप कौर की संदिग्ध हालात में मौत के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
मृतका की मां गुरप्रीत कौर निवासी गग्गड़ के बयान पर थाना नंदगढ़ पुलिस ने पति गुरमनदीप सिंह सहित ताई सास, ननद और ननदोइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि जश्नदीप कौर को लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। शनिवार को ससुराल पक्ष ने उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी, लेकिन जब मायके वाले पहुंचे तो स्थिति संदिग्ध लगी और उसे तुरंत लंबी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने इसे योजनाबद्ध हत्या करार देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाना नंदगढ़ का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। डीएसपी देहाती हरविंदर सिंह सरां ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

