Punjab : चिट्टे की ओवरडोज से युवक की मौत, 2 बेटियों के सिर से उठा बाप का साया
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 12:07 AM (IST)
बठिंडा (परमिंद्र): गत रात्रि संजय नगर में चिट्टे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार संजय नगर रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में एक गली-सड़ी लाश पड़ी होने की सूचना प्राप्त होते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हैल्पलाइन टीम विक्की कुमार, संदीप गिल आदि तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। शव 2 दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। मृतक युवक की शिनाख्त अमृतपाल सिंह (30) के तौर पर हुई जिसके बाद उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मृतक युवक शादीशुदा था व 2 बेटियों का बाप था। परिजनों ने बताया कि अमृतपाल सिंह पिछले 6 साल से चिट्टे का प्रयोग करता आ रहा था जो उसकी मौत का कारण बना। उन्होंने बताया कि गत दिन से वह अमृतपाल की तलाश कर रहे थे। सूचना मिलने पर जी.आर.पी. की टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई की। पुलिस कार्रवाई के बाद संस्था के सदस्यों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जी.आर.पी. अगली कार्रवाई कर रही है।

