Punjab : क्रिकेट अकादमी में नाबालिगा से छेड़छाड़! कोच के खिलाफ केस दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 10:56 PM (IST)

बठिंडा  (विजय वर्मा)। बठिंडा के थाना थर्मल क्षेत्र में संचालित एक निजी क्रिकेट अकादमी से जुड़ा एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। अकादमी में बच्चों को प्रशिक्षण देने वाले एक क्रिकेट कोच के खिलाफ एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद शहर के खेल जगत और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त निजी क्रिकेट अकादमी में लंबे समय से दर्जनों लड़के और लड़कियां क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं। बीते दिन अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही एक कम उम्र की बच्ची के परिजनों ने थाना थर्मल पहुंचकर कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोच ने बच्ची को गलत नीयत से छुआ और उसके साथ अशोभनीय हरकतें कीं।

थाना थर्मल के एसएचओ इंस्पेक्टर हरजोत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी कोच के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामला एक नाबालिग बच्ची से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे अत्यंत गंभीरता से ले रही है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

इसी बीच, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाले अन्य बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंचे और कोच के पक्ष में अपनी बात रखी। अभिभावकों का कहना था कि उनके बच्चे भी लंबे समय से उक्त कोच से प्रशिक्षण ले रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें किसी प्रकार की शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं मिली। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठाई है। अभिभावकों ने मांग की है कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की निगरानी में करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी कोच दूसरे राज्य का रहने वाला है और वह राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) से प्रशिक्षित कोच बताया जा रहा है। उसके मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कई खिलाड़ी पंजाब की विभिन्न स्तर की टीमों में भी खेल रहे हैं। उधर, इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोच के साथ कथित तौर पर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News