रेलवे का बड़ा फैसला, यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ, 15 सितंबर से शुरू होगी...

punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 11:32 AM (IST)

जालंधर (पुनीत) : रेलवे ने जालंधर सहित उत्तर भारत के रेलयात्रियों की सुविधा के लिए अहम निर्णय लिए हैं। फिरोजपुर मंडल के डी.आर.एम. संजीव कुमार ने बताया कि अमृतसर से नेपाल बार्डर तक त्यौहार स्पैशल ट्रेन के 20 रूट चलाए जा रहे हैं। वहीं, अमृतसर-सहरसा जन साधारण एक्सप्रैस को नरपतगंज तक बढ़ाने के साथ एक नई अमृत भारत एक्सप्रैस भी शुरू की जा रही है।

संजीव कुमार ने बताया कि नई अमृत भारत एक्सप्रैस 05531 सेवा का शुभारंभ 15 सितम्बर को सहरसा से होगा। यह नई सेवा आधुनिक कोच और बेहतर सुविधाओं से लैस होगी। अमृत भारत एक्सप्रैस में यात्रियों को अधिक आरामदायक सीटें और तेज गति का अनुभव मिलेगा। यह ट्रेन सहरसा से दोपहर 3.30 पर चलेगी और अगले दिन रात 11.10 पर जालंधर जबकि रात 2 बजे छेहाटा (अमृतसर) पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 05006 अमृतसर त्यौहार स्पेशल 25 सितम्बर से 27 नवम्बर तक हर गुरुवार को अमृतसर से दोपहर 12.45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8.15 बजे बरहनी (नेपाल बार्डर के पास का बढ़नी एरिया) पहुंचेगी।

वापसी में 05005 (बढ़नी-अमृतसर) स्पैशल 24 सितम्बर से 26 नवम्बर तक हर बुधवार दोपहर 3.10 बजे बढ़नी से चलकर अगले दिन सुबह 9.30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में ब्यास, जालंधर सिटी, ढंडारी कलां, सहित विभिन्न स्टेशनों पर रूकेगी। जालंधर स्टेशन पर इसका निर्धारित ठहराव यात्रियों के लिए सीधा लाभ देगा, जिससे पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वालों को त्यौहारों के दौरान बड़ी सुविधा मिलेगी।

अमृतसर-सहरसा एक्सप्रैस का विस्तार

पूर्वी भारत से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत देते हुए अमृतसर-सहरसा जन साधारण एक्सप्रैस (14603/14604) का नरपतगंज तक विस्तार किया गया है। अब यह ट्रेन सहरसा और नरपतगंज के बीच सुपौल, राघोपुर और ललितग्राम स्टेशनों पर भी रुकेगी। इससे बिहार के सीमांचल क्षेत्र में रहने वाले यात्रियों को अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पूरे पंजाब से सीधे जुड़ाव का लाभ मिलेगा। डी.आर.एम. संजीव कुमार ने कहा कि इन सेवाओं से न केवल पंजाब और उत्तर भारत बल्कि बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News