अमृतसर–डेरा बाबा नानक रेल रूट पर विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, रेलवे कर्मचारी परेशान, पढ़ें पूरा मामला
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 04:34 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन) : अमृतसर-डेरा बाबा नानक रूट पर चल रही यात्री रेलगाड़ियों के वेरका जंक्शन तक किए गए शॉर्ट टर्मिनेशन को खत्म करने की मांग उठी है। सिटी वेलफेयर क्लब डेरा बाबा नानक के अध्यक्ष राजेश हांडा और अमृतसर-डेरा बाबा नानक रेलवे यात्री यूनियन के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह झंगी ने बताया कि फरवरी 2015 से बिना किसी उचित कारण के कई यात्री रेलगाड़ियों को वेरका जंक्शन तक ही रोका जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस फैसले के कारण गुरदासपुर और अमृतसर जिलों के हजारों यात्री पिछले लगभग 11 वर्षों से भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सामान सहित यात्रा के दौरान काफी दिक्कतें आ रही हैं। वेरका जंक्शन पर ट्रेन बदलने की मजबूरी के कारण यात्रियों को अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी झेलनी पड़ती है। उन्होंने यह भी बताया कि अमृतसर रेलवे स्टेशन पर आठ प्लेटफॉर्म हैं और ट्रेनों के समय के दौरान सभी प्लेटफॉर्म कभी भी पूरी तरह व्यस्त नहीं होते। इसके अलावा वेरका से अमृतसर सेक्शन पर कोई काम भी नहीं चल रहा है और पटरी पूरी तरह क्लियर है। फिर भी बिना कारण यह शॉर्ट टर्मिनेशन जारी रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस कारण विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रेलवे कर्मचारियों को भी बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही श्री हरिमंदिर साहिब अमृतसर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी खास तौर पर मुश्किलें आ रही हैं। यात्री नेताओं ने कहा कि इस मसले संबंधी डिवीजनल रेलवे मैनेजर, अन्य उच्च अधिकारियों, रेल मंत्री और प्रधानमंत्री को कई बार लिखित रूप में अपील की गई है पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने मांग की कि अमृतसर-डेरा बाबा नानक रूट पर चल रही रेलगाड़ियों का शॉर्ट टर्मिनेशन तुरंत खत्म किया जाए ताकि यात्रियों को आ रही परेशानी से राहत मिल सके। इस संबंधी पत्र की कापियां पंजाब के सभी सांसदों को भी भेजी गई हैं।
पने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

