अमृतसर में पुलिस और बदमाश के बीच एनकाऊंटर, भगौड़े आरोपी के पैर में लगी गोली

punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 10:24 AM (IST)

अमृतसर (जशन): कमिश्नरेट पुलिस और एक हथियारबंद बदमाश के बीच हुए एनकाऊंटर के दौरान पुलिस ने भगौड़े आरोपी आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर लिया। इस एनकाऊंटर के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर 2 फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में एक गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपी को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पुलिस जिला बटाला के गांव कादियां का रहने वाला है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 7 गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मामले दर्ज हैं और अदालत की ओर से उसे भगौड़ा घोषित किया जा चुका था। आरोपी ने हाल ही में अपने साथियों के साथ मिलकर बटाला में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान पर पिस्तौल के बल पर 2.5 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

गैंगस्टर अंग्रेज को छुड़ाने की रच रहा था साजिश

पुलिस कमिश्नर गिल ने बताया कि खुफिया जानकारी में सामने आया है कि आकाशदीप अपने 4 अन्य साथियों के साथ मिलकर जेल में बंद गैंगस्टर अंग्रेज को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की योजना बना रहा था। गैंगस्टर अंग्रेज विगत में भोला हत्याकांड और कोट खालसा हत्याकांड सहित करीब 15 आपराधिक मामलों में जेल में बंद है। आरोपियों की योजना थी कि अदालत में पेशी के लिए ले जाते समय किसी ढाबे के पास पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर अंग्रेज को छुड़ा लिया जाए।

पिस्तौल, कारतूस और स्कूटर बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल, 2 चले हुए खोल, 3 जिंदा कारतूस और अमृतसर से संबंधित नंबर का एक स्कूटर भी बरामद किया है। वहीं साजिश में शामिल बाकी 4 साथियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News