अमृतसर में विदेशी हैंडलरों से जुड़े 3 तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 10:21 AM (IST)

अमृतसर/चंडीगढ़/जालंधर (जशन, धवन): पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हथियारों और नशे की तस्करी करने वाले 3 अलग-अलग नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 पिस्तौलें, 4 जिंदा कारतूस और 2.293 किलोग्राम हैरोइन बरामद की गई है।

पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करणदीप सिंह उर्फ बब्बू, करण सिंह उर्फ वंश, करणदीप सिंह उर्फ करण, अंगराज सिंह उर्फ शैंकी, राहुल उर्फ शानी, मनप्रीत सिंह उर्फ करण, कपिल उर्फ पप्पल और निखिल गिल उर्फ साप के रूप में हुई है। इनमें से 3 आरोपियों के खिलाफ पहले भी एन.डी.पी.एस. एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर अवैध हथियारों की सप्लाई करवाकर उन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। पुलिस अब नैटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है ताकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहली कार्रवाई में थाना छेहर्टा क्षेत्र से करणदीप सिंह उर्फ बब्बू को गिरफ्तार कर 2 पिस्तौलें बरामद की गईं। दूसरी कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 पिस्तौलें बरामद हुईं। वहीं, तीसरी कार्रवाई में करणदीप सिंह उर्फ करण को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 पिस्तौलें और 2.293 किलो हेरोइन बरामद की गई।

बरामद हथियारों में 9 एम.एम. ग्लॉक, .30 बोर स्टार, बेरेटा, पीएक्स-5 और अन्य पिस्तौलें शामिल हैं। इसके अलावा एक देसी .32 बोर पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इस संबंध में थाना छेहर्टा और थाना ए-डिवीजन में आर्म्स एक्ट तथा एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत 3 अलग-अलग एफ.आई.आर. दर्ज की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News