अमृतसर में नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 12:04 PM (IST)
अमृतसर (जशन): अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को 10 पिस्तौलों व 1.022 किलो हेरोइन सहित गिरफतार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे में से हेरोइन की तस्करी करने में प्रयोग किए जाने वाला एक मोटरसाइकिल भी अपने कब्जे में लिया है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी तस्करों से सीधे संपर्क में थे। ये विदेशी तस्कर आरोपियों को अवैध हथियार उपलब्ध करवाते थे, जिन्हें आगे सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस सबंध में थाना कंटोनमैंट में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम उर्फ अजय (28) निवासी गांव सैंसरा खुर्द, रवि शेर सिंह (22) निवासी गांव गुरु का बाग थाना झंडेर और राजबीर सिंह उर्फ राजा (24) निवासी गांव बासरके भैणी (वर्तमान निवासी पाल एवेन्यू अमृतसर देहाती) के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने आप्रेशन बारे बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने थाना कैंट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गौतम उर्फ अजय और रवि शेर सिंह को 2 ग्लॉक पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान गौतम के खुलासे पर पुलिस ने सात अन्य पिस्तौल बरामद किए।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तीसरे आरोपी राजबीर सिंह उर्फ राजा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक और .30 बोर पिस्तौल तथा 1.022 किलो हेरोइन बरामद हुई। इस तरह पुलिस अब तक कुल 10 पिस्तौल बरामद कर चुकी है। सीपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि गौतम और राजबीर का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। गौतम के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं, जबकि राजबीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

