चिट्टे की सप्लाई देने जा रहा अमृतसर का नशा तस्कर शिमला में गिरफ्तार, हेरोइन की खेप बरामद
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 05:49 PM (IST)
पंजाब डैस्क : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चिट्टे की बड़ी खेप सप्लाई करने जा रहे पंजाब के एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के नजदीक एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी यह खेप शिमला में सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेशम सिंह (34) निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस काफी समय से संदिग्ध सप्लायर पर नजर रख रही थी। इसी दौरान स्पेशल सेल की टीम ने शोघी के पास टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
मामले में पुलिस थाना बालूगंज में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे शिमला में किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी जानकारी जुटा रही है। साथ ही, नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।

