कपूरथला में बड़ी चोरी का मामला ट्रेस, केयरटेकर ही निकले चोर, 2 गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 12:08 PM (IST)
कपूरथला (ओबरॉय) : जिले में लगातार सामने आ रही आपराधिक वारदातों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के लिए कपूरथला पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने कपूरथला शहर के मॉल रोड पर स्थित एक एनआरआई की कोठी में हुई करीब 60 से 70 लाख रुपये की चोरी की वारदात को ट्रेस करते हुए दो आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया लगभग सारा कीमती सामान और गाड़ियां भी बरामद कर ली हैं।
10 नवंबर को मिली थी चोरी की शिकायत
इस संबंध में जानकारी देते हुए कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि 10 नवंबर को पुलिस को शिकायत मिली थी कि कपूरथला के मॉल रोड स्थित एक एनआरआई की कोठी में चोरी हुई है। चोर घर से कीमती सामान और वहां खड़ी गाड़ियां लेकर फरार हो गए थे। चोरी हुए सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 60 से 70 लाख रुपये बताई गई थी।
कोठी के केयरटेकर ही निकले चोरी के आरोपी
एसएसपी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान कोठी में काम करने वाले केयरटेकरों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने तकनीकी और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संदिग्धों की पहचान की और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। इसके बाद पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया।
वारदात के बाद मोबाइल और अन्य डिवाइस कर दिए थे बंद
पुलिस के अनुसार, यह मामला काफी चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बंद कर दिए थे। इसके चलते उनकी लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाना मुश्किल हो गया था। हालांकि, पुलिस की विशेष टीम ने लगातार तकनीकी जांच और मेहनत के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई और मामले को सुलझा लिया।
चोरी का सामान और गाड़ियां बरामद, लगभग पूरी रिकवरी
एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एनआरआई की कोठी से चोरी किया गया कीमती घरेलू सामान और गाड़ियां बरामद कर ली गई हैं। करीब 60 से 70 लाख रुपये की इस चोरी के मामले में पुलिस ने लगभग पूरी रिकवरी कर ली है।
पुलिस की कार्रवाई से लोगों में बढ़ा विश्वास
कपूरथला शहर के मॉल रोड जैसे प्रमुख इलाके में एनआरआई की कोठी में हुई बड़ी चोरी की वारदात को ट्रेस करना पुलिस के लिए अहम सफलता मानी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों में भी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विश्वास बढ़ा है। कपूरथला पुलिस का कहना है कि जिले में आपराधिक वारदातों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

