छठ पूजा के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें, Trains में पैर रखने की जगह नहीं
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 11:40 AM (IST)
जालंधर (पुनीत): छठ पूजा के चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ का सिलसिला लगातार जारी है। बिहार और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में जगह मिलना मुश्किल हो रहा है। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है, वहीं ट्रेनों की लेटलतीफी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।
रेलवे की ओर से अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किए जाने के बावजूद यात्रियों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। शुक्रवार को भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी करीब आधा घंटा, जबकि वैष्णो देवी से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रैस करीब 1 घंटे की देरी से कैंट स्टेशन पहुंची। इसके अलावा आम्रपाली और मालवा एक्सप्रैस भी लेट रहीं। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से छेहरटा से जयनगर के लिए एक तरफा आरक्षित विशेष ट्रेन भी चलाई गई।
ट्रेनों की देरी की बात करें तो नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी (12029) अपने निर्धारित समय से करीब आधा घंटा लेट होकर दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद सिटी स्टेशन पहुंची। वैष्णो देवी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रैस (22439) करीब आधा घंटा देरी से सुबह साढ़े 10 बजे कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं वापसी में वैष्णो देवी से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रैस (22440) करीब 1 घंटे की देरी से रात पौने 8 बजे के बाद कैंट स्टेशन पहुंची। अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रैस (15707) भी करीब आधा घंटा लेट रही। इसी तरह वैष्णो देवी जाने वाली मालवा एक्सप्रैस (12919) अपने निर्धारित समय से करीब पौने घंटे की देरी से सुबह सवा 11 बजे कैंट स्टेशन पहुंची।
ट्रेन के अंदर जाने को लेकर यात्रियों में बहसबाजी
वहीं, कई ट्रेनों के जनरल डिब्बों के दरवाजे बंद होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसे लेकर कुछ यात्रियों के बीच बहसबाजी भी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि बिहार सहित विभिन्न राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों के कुछ जनरल डिब्बों के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए गए थे। ऐसे में बाहर खड़े यात्रियों ने दरवाजे खुलवाने का प्रयास किया, जिसको लेकर बहसबाजी हुई। अधिकारियों का कहना है कि आर.पी.एफ. और रेलवे स्टाफ को ऐसी स्थिति पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

